नवादा में बालू माफिया का हमला: ASI को ट्रैक्टर से कुचला, 28 गिरफ्तार, घायल अधिकारी रेफर!

SHARE:

नवादा / सोनू सिंह ।

नवादा (बिहार): जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान बालू माफियाओं का दुस्साहस देखने को मिला है। नारदीगंज थाना क्षेत्र के मधुबन गांव में छापेमारी के दौरान ट्रैक्टर चालक ने ASI नागेंद्र कुमार को कुचल दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल उनका इलाज पटना के मेदांता अस्पताल में चल रहा है, जहां डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है।

एक्सक्लूसिव जानकारी के अनुसार, नवादा सदर-2 के SDPO राहुल कुमार सिंह ने बताया कि 13 मई 2026 की शाम करीब 5 बजे नारदीगंज थाना अध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि मधुबन इलाके में कुछ ट्रैक्टरों द्वारा अवैध बालू खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस के पहुंचने पर देखा गया कि दो ट्रैक्टरों से बालू अनलोड किया जा रहा था। इसी दौरान ASI नागेंद्र कुमार ने ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने वाहन को तेज गति से भगाने का प्रयास किया और उन्हें कुचल दिया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

घायल ASI को आनन-फानन में नवादा में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। वर्तमान में उनका इलाज मेदांता अस्पताल में जारी है।

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 19 महिलाएं और 9 पुरुष शामिल हैं। इसके साथ ही 20 बाइक, 2 ट्रैक्टर और 1 स्कॉर्पियो को जब्त किया गया है। पुलिस ने फरार ट्रैक्टर चालक की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अवैध बालू खनन के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है।

Join us on: