सुपौल पुलिस की बड़ी कामयाबी, हथियार और कारतूस के साथ दो अपराधी गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान, सुपौल

सुपौल :- पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुपौल पुलिस को फिर एक बड़ी कामयाबी मिली है। इसी कड़ी में जिले के करजाईन थाना पुलिस ने संभावित आपराधिक घटना को अंजाम देने से पहले विफल करते हुए दो अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन समेत घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना की आशंका टल गई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को करजाईन थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति हथियार और कारतूस के साथ एक चार पहिया वाहन से दौलतपुर से फकीरना की ओर जा रहे हैं तथा करजाईन थाना क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने अविलंब विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई का निर्देश दिया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन की घेराबंदी शुरू कर दी। काफी सतर्कता और रणनीति के साथ पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में मौजूद दो युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और तलाशी के क्रम में उनके पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन को भी जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मो० खुर्शीद और मो० शाहिद के रूप में हुई है। मो० खुर्शीद की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई गई है। वह राघोपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर वार्ड नंबर-13 का रहने वाला है। वहीं दूसरा अभियुक्त मो० शाहिद, उम्र करीब 28 वर्ष, राघोपुर थाना क्षेत्र के बेलही वार्ड नंबर-01 का निवासी है। दोनों अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी पुलिस द्वारा खंगाला जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पूछताछ के दौरान पुलिस को इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस अब उन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
करजाईन थाना में इस मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस बरामद हथियार के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार कहां से लाया गया था और किन-किन घटनाओं में इसका इस्तेमाल हुआ है।
इस कार्रवाई को सुपौल पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। हाल के दिनों में जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान, गश्ती और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस की सक्रियता के कारण अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई नहीं करती तो क्षेत्र में कोई बड़ी वारदात हो सकती थी। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रखने की मांग की है ताकि जिले में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत स्थानीय थाना या पुलिस प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।

Join us on: