रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय
भोजपुर- जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत के वार्ड संख्या-01 स्थित शोभिटोला गांव में सोमवार की शाम उस समय डर का माहौल छा गया, जब शादी की खुशियों के बीच मारपीट शुरू हो गई। विवाह समारोह अचानक हिंसा में बदल गया, जिससे लोगों के बीच न केवल अफरा-तफरी मच गई, बल्कि बारात में आए अतिथियों के बीच दहशत फैल गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शोभिटोला निवासी नरेश यादव की पुत्री सोनी कुमारी का विवाह तियर थाना क्षेत्र के मनियारा गांव निवासी कृष्णधारी सिंह के पुत्र हरेंद्र कुमार के साथ तय हुआ था। सोमवार को बारात पूरे हर्षोल्लास के साथ शोभिटोला गांव पहुंची। शादी की रस्में शुरू होने ही वाली थीं कि अचानक कुछ स्थानीय और बाहरी तत्वों ने बारात पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया।थाना में दिए आवेदन के अनुसार दूल्हे के पिता कृष्णधारी सिंह ने इस हमले में प्रिंस कुमार, अभिषेक कुमार, उमेश यादव, सोनालाल और जेपी साह सहित लगभग 20 अज्ञात लोगों की संलिप्तता बताई जा रही है। आरोप है कि इन उपद्रवियों ने न केवल बारातियों को बेरहमी से पीटा, बल्कि इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर कीमती गहने और नकदी भी लूट ली। इस मारपीट में दूल्हे, उसके पिता और भसुर समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हिंसा के कारण विवाह समारोह पूरी तरह से बाधित हो गया।घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रभावित परिवार को सुरक्षा प्रदान किया। साथ ही स्थिति की गंभीरता को समझते हुए, पुलिस ने एक सराहनीय निर्णय लिया। दूल्हा और दुल्हन को थाना परिसर में स्थित शिव मंदिर में कड़ी सुरक्षा और विधि-विधान के बीच दोनों का विवाह संपन्न कराया।




