:- रवि शंकर अमित!
जिला प्रशासन बेगूसराय द्वारा सरकारी राजस्व एवं विभिन्न देय राशियों की वसूली को लेकर सख्त अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में लंबित नीलाम पत्र वादों के निष्पादन हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत बकायेदारों के विरुद्ध लगातार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी पदाधिकारी जिला नीलम शाखा श्रीमती पूजा प्रीतम ने बताया कि दिनांक 11.05.2026 को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए बड़े बकायेदारों के विरुद्ध गिरफ्तारी की गई। मटिहानी (रामदीरी) थाना क्षेत्र में बॉडी वारंट के आधार पर एक बकायेदार को गिरफ्तार किया गया, जिसके उपरांत कुल 2,99,735 रुपये की वसूली की गई। वहीं मंझौल थाना क्षेत्र में एक अन्य वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। संबंधित व्यक्ति द्वारा बकाया राशि जमा नहीं करने के कारण उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी बकाया राशि की वसूली में किसी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रमंडलीय आयुक्त श्री प्रेम सिंह मीना के निर्देशानुसार सभी लंबित नीलाम पत्र वादों की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा बकायेदारों के विरुद्ध बॉडी वारंट (BW) एवं कुर्की वारंट (DW) जारी करने की कार्रवाई तेज कर दी गई है।
प्रशासन ने सभी बकायेदारों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से संबंधित नीलाम न्यायालय में बकाया राशि जमा कर रसीद प्राप्त कर लें, अन्यथा गिरफ्तारी एवं संपत्ति कुर्की जैसी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




