:- रवि शंकर अमित!
जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री ने PNG पाइपलाइन विस्तार की समीक्षा की एवं ‘थिंक गैस’ को 20 मई तक शेष कनेक्शन सक्रिय करने का निर्देश दिया।
बेगूसराय जिले में शहरी गैस वितरण नीति, 2026 के अंतर्गत पाइप नेचुरल गैस (PNG) पाइपलाइन बिछाने एवं इसके विस्तार कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर आज समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री ने की। बैठक में प्राधिकृत इकाई ‘थिंक गैस’ के प्रतिनिधियों के साथ जिले में चल रहे CGD अवसंरचना विस्तार एवं PNG कनेक्शन की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान ‘थिंक गैस’ के प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत प्रगति प्रतिवेदन का अवलोकन करने के उपरांत जिला पदाधिकारी ने कार्य की धीमी प्रगति पर गहरी अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि शेष बचे कुल 2543 लाइव कनेक्शनों को हर हाल में 20 मई 2026 तक सक्रिय किया जाए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि आम नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित ईंधन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में ‘थिंक गैस’ के प्रतिनिधियों द्वारा अवगत कराया गया कि जिले में अब तक लगभग 26,000 घरों के लिए कवरेज पोटेंशियल तैयार किया जा चुका है। इस पर जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्राथमिकता के आधार पर सभी चिन्हित घरों में शीघ्र PNG कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए तथा पाइपलाइन विस्तार कार्य में और तेजी लाई जाए।
PNG के प्रति आमजन को जागरूक करने एवं पंजीकरण प्रक्रिया को सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी ने नगर आयुक्त, बेगूसराय को शहर में व्यापक स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही माईकिंग एवं प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को समय पर पंजीकरण कराने हेतु जागरूक करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ता यदि 15 दिनों के भीतर पंजीकरण नहीं कराते हैं, तो उनकी LPG आपूर्ति बंद की जा सकती है, जिसकी जिम्मेदारी स्वयं उपभोक्ताओं की होगी। वैकल्पिक गैस आपूर्ति के लिए प्रशासन उत्तरदायी नहीं होगा।
बैठक में अभियान की सफलता हेतु स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने पर भी बल दिया गया ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को PNG कनेक्शन से जोड़ा जा सके।
कार्य की सतत निगरानी एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि ‘थिंक गैस’ के प्रतिनिधि प्रतिदिन लाइव कनेक्शन, पंजीकरण एवं पाइपलाइन विस्तार कार्य से संबंधित हस्ताक्षरित प्रतिवेदन जिला आपूर्ति शाखा में जमा करेंगे। साथ ही जिला आपूर्ति पदाधिकारी, बेगूसराय को उक्त प्रतिवेदन का दैनिक आधार पर अनुश्रवण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।



