रिपोर्ट :- संतोष चौहान!
सुपौल :- जिले के मरौना थाना क्षेत्र में सोमवार को विसर्जित पूजन सामग्री भसाने के दौरान कोशी नदी में बड़ा हादसा हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कोशी नदी में विसर्जित पूजा सामग्री भसाने के क्रम में चार युवक में से एक युवक नदी की तेज धारा में बहकर लापता हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। लापता युवक की पहचान झिंगवा गीदराही गांव निवासी 22 वर्षीय श्रीराम महतो के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि गांव के कुछ युवक पूजा के पश्चात विसर्जित पुजन सामग्री को कोशी नदी में भसाने गये थे। इसी दौरान नदी की तेज धारा और गहरे पानी में चारों युवक फंस गए। अचानक स्थिति बिगड़ने पर वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तीन युवक किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन एक युवक श्रीराम महतो गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते नदी की धारा में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुट गए और काफी देर तक युवक की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
घटना की सूचना मिलते ही मरौना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन अभियान शुरू कराया। सोमवार देर शाम तक नदी में तलाश जारी रहा, लेकिन नदी की तेज धारा में लापता युवक का पता नहीं चल सका। प्रशासन की ओर से आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
मरौना अंचलाधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। स्थानीय गोताखोरों एवं ग्रामीणों की सहायता से लगातार खोजबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि युवक की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर विराम लग सके।




