सीतामढ़ी- लंबित कांडों के निष्पादन में देरी पर पर एसपी सख्त!

SHARE:

रिपोर्ट – आदित्यानंद आर्य!

लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर एसपी सख्त, समीक्षा बैठक में गिरफ्तारी वारंट, कुर्की-जब्ती और शराबबंदी मामलों की हुई गहन समीक्षा

सीतामढ़ी
जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एसपी अमित रंजन के नेतृत्व में नगर थाना परिसर में विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज कांडों, लंबित गिरफ्तारी वारंटों, कुर्की-जब्ती की कार्रवाई, मद्यनिषेध अधिनियम से जुड़े मामलों तथा 300 दिनों से अधिक समय से लंबित कांडों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। बैठक के दौरान एसपी ने सभी अनुसंधानकर्ताओं और थाना पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अनुसंधान कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गिरफ्तारी वारंटों एवं कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया का शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। एसपी ने विशेष रूप से 300 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुराने मामलों के लंबित रहने से न्याय प्रक्रिया प्रभावित होती है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी गंभीरता के साथ कार्रवाई करें। बैठक में मद्यनिषेध अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की भी गंभीर समीक्षा की गई। एसपी ने कहा कि शराबबंदी कानून को प्रभावी रूप से लागू करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए अवैध शराब कारोबारियों, तस्करों और इसमें संलिप्त तत्वों के खिलाफ लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी थाना क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। आधुनिक तकनीक के माध्यम से पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से स्मार्ट पुलिसिंग पर भी चर्चा हुई। एसपी ने सभी अनुसंधानकर्ताओं को कांड दैनिकी लेखन में लैपटॉप के उपयोग तथा सरकारी ई-मेल आईडी के माध्यम से आधिकारिक कार्यों के निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के उपयोग से पारदर्शिता, गति और कार्यकुशलता में वृद्धि होगी। बैठक के दौरान सदर डीएसपी-1 तथा पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 एवं 2 की उपस्थिति में नगर थाना एवं एसपी कार्यालय से संबंधित अभिलेखों और आंकड़ों का मिलान एवं सत्यापन भी किया गया। इस अवसर पर नगर थानाध्यक्ष सहित कई पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि अपराध नियंत्रण एवं लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए आगे भी विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

Join us on: