:- रवि शंकर अमित/बबलू राय!
बेगूसराय में तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है। एक बार फिर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज बेगूसराय सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मामला मंझौल थाना क्षेत्र के मंझौल बाजार के पास का है।मृतक युवक की पहचान मंझौल थाना क्षेत्र निवासी हीरालाल साहनी के पुत्र कन्हैया कुमार साहनी के रूप में की गई है। वहीं घायल युवक की पहचान रितिक कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कन्हैया कुमार और रितिक कुमार बाइक से मंझौल बाजार सामान खरीदने गए थे। सामान खरीदने के बाद दोनों युवक वापस अपने घर लौट रहे थे। तभी मंझौल बाजार के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कन्हैया कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रितिक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मंझौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
बाइट – रामचन्द्र सहनी



