रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की लोकल कमिटी जयनगर के देवधा ब्रांच के पूर्व सचिव एवं लंबे समय से सक्रिय सदस्य कॉमरेड इब्राहिम अंसारी मौलाना का निधन हो गया। उम्र 70 वर्ष के स्वर्गीय कॉमरेड 1980 से 2026 तक पार्टी के प्रति अटूट समर्पण के साथ जुड़े रहे। एम.ए. तक की उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले वे सामाजिक कार्यों में सदैव अग्रणी रहे। उनका आकस्मिक निधन सीपीआई (एम) पार्टी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। कल दिनांक 09 मई 2026 को संध्या 07 बजे उनके इंतकाल की सूचना मिलते ही देवधा ब्रांच सहित पूरे जयनगर लोकल कमिटी में शोक की लहर दौड़ गई। आज 10 मई 2026 को उनके आवास पर बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और साथी एकत्र हुए। जिला सचिव मंडल सदस्य कॉमरेड रामजी यादव, लोकल कमिटी जयनगर सचिव कुमार राणा प्रताप सिंह, लोकल कमिटी सदस्य मो. को हैदर अली, देवधा मध्य एक ब्रांच सचिव कॉमरेड अली हसन, देवधा मध्य दो ब्रांच सचिव कॉमरेड मोहम्मद मंजूर, देवधा ब्रांच के कॉमरेड रजा उल्लाह, कॉमरेड नूर मोहम्मद, नौजवान सभा के मोहम्मद सदमा सहित दर्जनों साथियों ने उपस्थित होकर अपने प्रिय साथी को अंतिम लाल सलाम दिया। सभी ने उनके परिवार के प्रति एकजुटता व्यक्त की तथा दुख की इस घड़ी में साथ खड़े होने का आश्वासन दिया गया। कॉमरेड इब्राहिम अंसारी मौलाना ने 46 वर्षों तक पार्टी के लिए निस्वार्थ सेवा की है। वे न केवल देवधा ब्रांच के मजबूत स्तंभ थे, बल्कि सामाजिक न्याय, किसान- मजदूर आंदोलनों और जनवादी मुद्दों पर सक्रिय रहे। उनकी विद्वता और नेतृत्व क्षमता ने युवा कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया। उनके निधन से देवधा ब्रांच को जो क्षति हुई है, उसकी भरपाई असंभव है। फिर भी, पार्टी साथी उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने के प्रति कटिबद्ध हैं। देवधा ब्रांच के साथियों ने बताया कि जनाजे की नमाज के बाद आज दोपहर 02 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। देवधा ब्रांच की ओर से कल दिनांक 11/05/2026 को एक शोक सभा का आयोजन 8:30 बजे सुबह देवधा मध्य में किया जाएगा। सभी पार्टी साथी, नौजवान सभा के सदस्य एवं समर्थक उपस्थित होकर अपने प्रिय साथी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।




