रिपोर्ट – प्रमोद!
सीवान के आंदर ढाला के समीप हुए चर्चित रोड रेज गोलीकांड के मुख्य आरोपी सोनू यादव को पुलिस ने शनिवार और रविवार की दरमियानी रात मुठभेड़ में मार गिराया। मृतक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव निवासी सोनू यादव के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, रोड रेज की घटना के बाद से ही पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी थी। घटना के महज 10 घंटे के भीतर पुलिस ने एक आरोपी को इनकाउंटर में उसके दोनों पैरों में गोली मार दी थी।
पुलिस को शनिवार रात गुप्त सूचना मिली कि मुख्य आरोपी सोनू यादव बड़हरिया थाना क्षेत्र की ओर भाग रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर पीछा शुरू किया। इसी दौरान खुद को घिरता देख सोनू यादव ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें सोनू गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने तुरंत उसे कब्जे में लेकर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है, क्योंकि सोनू यादव इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि सोनू यादव पर हत्या, लूट समेत कई संगीन मामले दर्ज थे और वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है।




