रिपोर्टर– मुकेश कुमार
मधुबनी जिले के जयनगर रेलवे स्टेशन पर उस समय प्रशासनिक सक्रियता देखने को मिली जब समस्तीपुर मंडल के ए डी आर एम सनी सिन्हा ने स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे की विभिन्न महत्वपूर्ण सुविधाओं का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को और भी बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण की शुरुआत रनिंग रूम से हुई, जहां रेलकर्मियों के ठहरने और आराम की व्यवस्था का आकलन किया गया। उन्होंने साफ-सफाई, खान-पान और अन्य बुनियादी सुविधाओं को संतोषजनक स्तर पर बनाए रखने पर जोर दिया। इसके बाद एडीआरएम ने कंबाइंड क्रू लॉबी का निरीक्षण किया, जहां कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्य प्रणाली और रिकॉर्ड संधारण की समीक्षा की गई।निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर रजिस्टरों को नियमित रूप से अपडेट नहीं किए जाने की बात सामने आई। इस पर एडीआरएम ने संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई और स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अभिलेख समय पर और सही तरीके से संधारित किए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखना अनिवार्य है।इसके अलावा उन्होंने स्टेशन परिसर के अन्य हिस्सों का भी निरीक्षण किया और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।निरीक्षण के अंत में एडीआरएम सनी सिन्हा ने कहा कि जयनगर रेलवे स्टेशन एक महत्वपूर्ण स्टेशन है और यहां की व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस मौके पर सिनियर डीईएन वन निशांत कुमार चौधरी, एईएन राज कुमार, डीसीआई दिलीप कुमार, सीटीटीआई अर्जुन राउत, आईओडब्ल्यू रमेश कुमार, सीडीओ सुधांशु कुमार, सीडब्ल्यूएस आशुतोष कुमार,
आरपीएफ प्रभारी शिव कुमार सिंह, स्टेशन अधीक्षक यदु लाल महतो, एएसएम राज कुमार राय, समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।




