रिपोर्ट- अरविंद कुमार!
समस्तीपुर। जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत हुरहहिया पेट्रोल पंप के निकट शनिवार की अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में फल विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक रोज की तरह मुसरीघरारी से फल खरीदकर उजियारपुर थाना क्षेत्र के गावपुर योगी चौक स्थित अपनी दुकान पर जा रहा था। इसी दौरान हुरहहिया पेट्रोल पंप के नजदीक दो तेज रफ्तार हाइवा ट्रकों के बीच अचानक जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना ज़बरदस्त था कि उसी समय वहां से गुजर रहे मोटरसाइकिल सवार फल विक्रेता दोनों हाइवा के बीच फंस गये और गंभीर रूप से कुचल गये। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान उजियारपुर प्रखंड के गावपुर योगी चौक वार्ड संख्या 06 निवासी वैद्यनाथ सिंह का पुत्र रमेश कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग जुट गये, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने एवं सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।




