:- रवि शंकर अमित!
जिला शिक्षा पदाधिकारी, बेगूसराय श्री मनोज कुमार द्वारा भारत की आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकान गणना) में प्रतिनियुक्त शिक्षकों की उपस्थिति एवं कार्य निष्पादन के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं।
जनगणना के प्रथम चरण का कार्य 02 मई 2026 से 31 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस अवधि में जनगणना कार्य में लगाए गए सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को अपने-अपने मूल विद्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थिति दर्ज करनी होगी।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावित होने से बचाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है कि सभी प्रतिनियुक्त शिक्षक प्रतिदिन प्रातः 06:30 बजे से 09:30 बजे तक विद्यालय में कक्षा संचालन सुनिश्चित करेंगे। इसके पश्चात वे अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में जनगणना कार्य का निष्पादन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में कक्षा 4, 5 एवं 6 के विद्यार्थियों के लिए भाषा एवं गणित की बुनियादी दक्षता (FLN) को सुदृढ़ करने हेतु राज्यव्यापी कार्यक्रम संचालित है। कई विद्यालयों में शिक्षकों की बड़े पैमाने पर जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्ति के कारण पठन-पाठन प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रधानाध्यापकों, प्रभारी प्रधानाध्यापकों एवं प्रधान शिक्षकों को निर्देश दिया है कि उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि शैक्षणिक कार्य एवं जनगणना कार्य दोनों सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।



