सीवान- भाजपा नेता के भांजे की हत्या में शामिल मुख्य शूटर का एनकाउंटर, अन्य की तलाश जारी!

SHARE:

रिपोर्ट- प्रमोद!



सीवान में पूर्व MLC और BJP नेता मनोज कुमार सिंह के भांजे की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई है। पुलिस ने आरोपी छोटू कुमार यादव को पकड़ने के दौरान उसके दोनों पैरों में गोली मारी। घायल आरोपी को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
छोटू ने BJP नेता के भांजे हर्ष कुमार और उनके बहनोई चंदन सिंह पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस हमले में हर्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें भी पटना रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कार साइड लगाने को लेकर चंदन और हर्ष की बदमाशों से कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर बदमाशों ने कार से हथियार निकालकर दोनों पर फायरिंग कर दी। घटना नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास की है।
घटना के बाद पुलिस अलर्ट हो गई। SP पूरन कुमार झा के नेतृत्व में टीम गठित की गई, जिसमें SDPO अजय कुमार सिंह, नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार समेत कई थानों की पुलिस को शामिल किया गया।
पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की, जिसमें संदिग्ध वाहन की पहचान हुई। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव निवासी छोटू कुमार यादव को चिन्हित किया।
SP पूरन कुमार झा ने बताया कि छोटू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने खुलासा किया कि इस वारदात में कुल चार लोग शामिल थे। इसके बाद पुलिस उसे हथियार बरामद करने के लिए लेकर जा रही थी।
इसी दौरान हुसैनगंज थाना क्षेत्र में बताए गए स्थान पर पहुंचने पर छोटू ने अचानक पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। उसने करीब पांच राउंड गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने तीन राउंड फायरिंग की। इसमें दो गोलियां छोटू के घुटनों में लगीं और उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, छोटू का आपराधिक इतिहास भी है और वह हाल ही में छपरा जेल से रिहा हुआ था।
घायल आरोपी को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, उसके दोनों घुटनों में गोली आर-पार हो गई थी।
फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

Join us on:

और पढ़ें