बेगूसराय जिले में 30 अप्रैल से 30 मई तक चलेगा जीवन प्रमाणीकरण- डीएम!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री के निर्देशन में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत लाभुकों के जीवन प्रमाणीकरण (Life Authentication) हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। वर्तमान में जिले में लगभग 93,126 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है, जिसके कारण पेंशन भुगतान प्रभावित हो रहा है।

इसकी जानकारी देते हुए जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री ने बताया कि दिनांक 30.04.2026 से 30.05.2026 तक जिले के सभी प्रखंडों एवं नगर निकायों में पंचायत/वार्ड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के जरिए पेंशनधारियों का निःशुल्क जीवन प्रमाणीकरण सुनिश्चित किया जाएगा। विभिन्न पंचायतों में शिविर की जिम्मेदारी संबंधित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी की होगी एवं नगर क्षेत्र में इसका अनुश्रवण नगर आयुक्त, नगर निगम सहित सभी नगर कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा की जाएगी।

शिविरों में जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क होगी तथा जिन पेंशनधारियों का प्रमाणीकरण बायोमेट्रिक (फिंगरप्रिंट/आइरिस) के माध्यम से संभव नहीं हो पाता है, उनके लिए भौतिक सत्यापन की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए शिविरों का आयोजन पंचायत सरकार भवन अथवा अन्य सरकारी भवनों में किया जाएगा, जहाँ पंखा, पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान चिन्हित मृत पेंशनधारियों का विवरण ई-लाभार्थी पोर्टल पर ‘Death Mark’ किया जाएगा, ताकि अनावश्यक भुगतान पर रोक लगाई जा सके। किसी भी प्रकार की सहायता हेतु पेंशनधारी राज्य स्तरीय हेल्पडेस्क के टोल-फ्री नंबर 1800-345-62-62 पर (सोमवार से शनिवार, प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक) संपर्क कर सकते हैं।

जिला प्रशासन, बेगूसराय द्वारा सभी संबंधित पेंशनधारियों से अपील की जाती है कि वे अपने निकटतम शिविर में उपस्थित होकर अनिवार्य रूप से अपना जीवन प्रमाणीकरण कराएं, ताकि पेंशन राशि का भुगतान निर्बाध रूप से जारी रह सके। उक्त कार्य की नियमित निगरानी संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय वरीय प्रभारी पदाधिकारियों द्वारा की जाएगी।

Join us on: