बेगूसराय- जिलाधिकारी ने बलिया प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों व अस्पतालों का किया निरिक्षण!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

जिला प्रशासन, बेगूसराय द्वारा विकास कार्यों एवं जन-सुविधाओं की सतत निगरानी के क्रम में आज दिनांक 29.04.2026 को जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री द्वारा बलिया प्रखंड अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों एवं अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने राजकीयकृत जी.डी.आर. +2 उच्च विद्यालय, बड़ी बलिया का दौरा कर शैक्षणिक व्यवस्था, वर्ग-कक्षों की स्थिति तथा छात्र-उपस्थिति की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानाध्यापक को निर्देश दिया कि पठन-पाठन की गुणवत्ता में किसी प्रकार की शिथिलता न हो तथा विद्यालय परिसर की साफ-सफाई एवं आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए।

इसके उपरांत एस.ए.एस. उच्च विद्यालय, बलिया (10+2) का निरीक्षण करते हुए उपलब्ध संसाधनों एवं मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई। जिला पदाधिकारी ने शिक्षकों को समयबद्ध रूप से पाठ्यक्रम पूर्ण करने एवं छात्रों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।

शिक्षा संस्थानों के निरीक्षण के साथ-साथ बलिया अनुमंडल अस्पताल का भी औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं कर्मियों की उपस्थिति तथा आपातकालीन सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी सेवाएं पारदर्शी एवं तत्परता के साथ संचालित हों, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी विद्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी बलिया सहित संबंधित विभागों के कर्मी उपस्थित थे।

Join us on: