:- रवि शंकर अमित!
बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चकदौलत गांव के पास उस वक्त सनसनी फैल गई, जब NH 31 स्थित आकाशवाणी होटल के उत्तर दिशा में एक मकई के खेत से एक अज्ञात शव बरामद हुआ। सुबह करीब 9:00 बजे जैसे ही शव की सूचना मिली, आसपास के दर्जनों लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। मृतक की पहचान सालिमपुर थाना क्षेत्र के डोमा पंचायत अंतर्गत मुसहरी निवासी शिवसत्य कुमार (पिता रामाशीष दास) के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। मृतक के छोटे भाई चंदन कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। चंदन ने रोते हुए आरोप लगाया कि उनके बड़े भाई की बेरहमी से हत्या की गई है। उन्होंने बताया, “जिस जगह शव मिला है, वहां जाने का कोई रास्ता तक नहीं है। हत्यारों ने जानबूझकर शव को मकई के घने खेत में फेंक दिया ताकि किसी की नजर न पड़े।”
शिवसत्य कुमार पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके भाई ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि उनके बड़े भाई का शव होटल के पीछे खेत में पड़ा है। मृतक की पारिवारिक स्थिति भी काफी संघर्षपूर्ण रही है। साल 2016 में उनकी शादी पंडारक के मंझला बीघा में हुई थी, जिससे उनकी 7 साल की एक बेटी ‘मीठी’ है। करीब 6 महीने पहले उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई थी और उसने दूसरी शादी कर ली थी, जिसके बाद से शिवसत्य काफी परेशान रहा करते थे।
बख्तियारपुर थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष के मुताबिक, “मौत की असली वजह और हत्या की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।” फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। इस घटना ने एक मासूम बच्ची के सिर से पिता का साया छीन लिया है, जिससे पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है।
बाइट – परिजन




