:- रवि शंकर अमित!
बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बहरामा फोरलेन पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को गहरे मातम में बदल दिया। शादी की खरीदारी करने ई-रिक्शा से बाजार जा रहे एक ही परिवार के सदस्यों की सीएनजी ऑटो से जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के सात अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंडारक थाना क्षेत्र के पुरान बीघा गांव निवासी एक परिवार में आगामी 1 मई को शादी समारोह होना तय है। इसी मांगलिक कार्य की तैयारी और खरीदारी के लिए परिवार के सदस्य ई-रिक्शा पर सवार होकर बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन बहरामा फोरलेन के पास पहुँचा, विपरीत दिशा से आ रहे एक सीएनजी ऑटो से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला, लेकिन तब तक एक मासूम बच्चे ने दम तोड़ दिया था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और घायलों को इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार, सभी सात घायलों का प्राथमिक उपचार जारी है। जिस घर में दो दिन बाद शहनाइयां बजनी थीं, वहां बच्चे की मौत की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे पुरान बीघा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
बाइट – परिजन व डॉक्टर




