रिपोर्ट- पंकज कुमार
अरवल जिले के करपी थाना क्षेत्र के खजुरी टोला रामकिशुनबिगहा गांव में उस समय अफरातफरी मच गयी, जब एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गयी. करीब पांच घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद पुलिस और प्रशासन की कड़ी मशक्कत से युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया. युवती की पहचान खजुरी गांव निवासी 25 वर्षीय खुशबू कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार उसका गांव के ही पप्पू पासवान से प्रेम संबंध था. वर्ष 2021 में सामाजिक दबाव में उसकी शादी पटना जिले के एक गांव में कर दी गयी थी, लेकिन बाद में प्रेमी उसे अपने साथ ले
गया और दोनों ने जहानाबाद में विवाह कर साथ रहने लगे. बताया जाता है कि कुछ समय बाद पप्पू पासवान परिवार के दबाव में दूसरी शादी की तैयारी करने लगा, जिससे आहत होकर खुशबू कुमारी ने गांव के बाहर स्थित बिजली टावर पर चढ़कर न्याय की गुहार लगायी. घटना की सूचना मिलते ही करपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शुरुआत में युवती को नीचे उतारने में सफलता नहीं मिली. स्थिति को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक कृतिकमल पर पहुंचीं और मोबाइल फोन के जरिए युवती से बातचीत की. डेढ़ घंटे तक चली बातचीत के दौरान प्रशासन ने उसकी समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया. इसके बाद युवती सुरक्षित नीचे उतर आई. घटना के दौरान एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी गयी थी. मौके पर अग्निशमन, बिजली और स्वास्थ्य विभाग की टीम एंबुलेंस के साथ तैनात रही. टावर के पास भारी भीड़ जुट गयी थी. फिलहाल युवती को करपी थाना में रखा गया है. पुलिस ने संबंधित लोगों को बुलाकर मामले के समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी है. प्रशासन ने बताया कि सभी पक्षों से बातचीत कर कार्रवाई की जायेगी.




