केंद्र सरकार के गेहूं खरीदी लक्ष्य बढ़ाने के फैसले की पूर्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने सराहना की

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!

पैक्सों में तेजी से बढ़ेगी खरीदी, किसानों को मिलेगा उचित मूल्य और राहत

पटना, 25 अप्रैल 2026। बिहार सरकार के सहकारिता विभाग के पूर्व मंत्री एवं विधान पारिषद डॉ. प्रमोद कुमार ने राज्य में गेहूं खरीदी के लक्ष्य को 10 गुना बढ़ाने के केंद्र सरकार के सकारात्मक निर्णय का हार्दिक स्वागत किया है। उन्होंने केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय किसानों की हित में स्वागत योग्य है।

डॉ. कुमार ने बताया कि 1 अप्रैल से शुरू हुई गेहूं खरीदी के दौरान निर्धारित लक्ष्य की कमी से प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्सों) पर भारी दबाव पड़ रहा था। किसान संगठनों ने लगातार लक्ष्य वृद्धि की मांग उठाई, जिस पर बिहार सरकार ने तत्परता दिखाते हुए केंद्र से पहल की। इसके फलस्वरूप केंद्र ने राज्य का लक्ष्य 18 हजार मीट्रिक टन से बढ़ाकर 1.80 लाख मीट्रिक टन कर दिया। इससे न केवल गेहूं उत्पादक किसानों को उनकी फसल का सही मूल्य मिलेगा, बल्कि पैक्सों पर भी खरीदी का बोझ कम होगा। यह निर्णय बिहार के लाखों किसानों के लिए वरदान सिद्ध होगा, खासकर उन क्षेत्रों में जहां गेहूं की खेती प्रमुख है।

पूर्व मंत्री ने पिछले वर्ष की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि तब बाजार मूल्य अधिक होने से किसानों ने पैक्सों के बजाय खुले बाजार में गेहूं बेच दिया था, जिससे तय के लक्ष्य के विरुद्ध केवल 30 प्रतिशत ही खरीदी हो सकी। लेकिन इस वर्ष परिदृश्य बदला हुआ है। सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रुपये प्रति क्विंटल दे रही है, जो बाजार भाव से 300 से 500 रुपये अधिक है। इससे किसान उत्साहित हैं और पैक्सों की ओर रुख कर रहे हैं। खरीदी 1 अप्रैल से 15 जून तक चलेगी, जिसमें राज्य सरकार निगरानी रखेंगी। डॉ. प्रमोद कुमार ने आशा जताई कि इस पहल से किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को बल मिलेगा।

Join us on: