रिपोर्ट- शशिकांत मिश्रा!
लखीसराय जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। बड़हिया थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव के समीप एनएच-80 पर रंगदारी नहीं देने पर कुख्यात अपराधी टीटू धमाका द्वारा अंधाधुंध फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, पहाड़पुर निवासी दुकानदार गोलू कुमार से टीटू धमाका द्वारा फोन पर 5 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की जा रही थी। रकम नहीं देने पर आरोपी अपने गिरोह के सदस्यों के साथ दुकान पर पहुंचा, जहां पहले मारपीट की गई और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और कई लोग बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही सीडीपीओ शिवम कुमार के नेतृत्व में बड़हिया थाना सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं, साथ ही खेत में खड़ी एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी को भी जब्त किया गया है।
पुलिस द्वारा बड़हिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर, खुटहा, पिपरिया और जयपुर इलाके में लगातार छापेमारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी टीटू धमाका हाल ही में बेउर जेल से छूटकर आया है और क्षेत्र में अपना दबदबा बनाने के लिए आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा है।
सीडीपीओ शिवम कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। वहीं, एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल की जाएगी।




