:- रवि शंकर अमित!
जिला प्रशासन, बेगूसराय द्वारा जिले में तेल विपणन कंपनियों (OMC) के एलपीजी गैस वितरण तंत्र एवं आपूर्ति की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। 17 अप्रैल 2026 तक के आंकड़ों पर आधारित ‘मॉर्निंग रिपोर्ट’ के अनुसार जिले में कार्यरत तीनों प्रमुख तेल कंपनियों—इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL)—का प्रदर्शन संतोषजनक पाया गया है।
जिले में कुल 67 वितरकों के माध्यम से उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस की सेवा प्रदान की जा रही है, जिसमें IOCL के 40, BPCL के 15 तथा HPCL के 12 वितरक शामिल हैं। बीते दिन कुल 12,706 गैस बुकिंग दर्ज की गई, जिसके विरुद्ध 12,389 सिलेंडरों की सफल डिलीवरी सुनिश्चित की गई।
रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान में ओएमसी के पास कुल 21,123 यूनिट का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जिला प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति की निरंतरता बनाए रखने हेतु स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अतिरिक्त, जिले में एलपीजी से संबंधित उपभोक्ता शिकायतों के निष्पादन की भी समीक्षा की गई। उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा 24×7 नियंत्रण कक्ष संचालित किया जा रहा है। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06243-450626 तथा 9279808780 पर लोगो द्वारा की जा रही शिकायतों का निष्पादन किया जा रहा है। अब तक कुल 697 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 680 शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण कर दिया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी तेल विपणन कंपनियों एवं गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि उपभोक्ताओं को समय पर एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा लंबित बुकिंग एवं शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति व्यवस्था एवं शिकायत निवारण प्रणाली की सतत निगरानी की जा रही है ।




