रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी जिले के हरलाखी प्रखंड अंतर्गत फुलहर एसएसबी कैम्प में तैनात 48 वीं वाहिनी के जवानों और हरलाखी थाना पुलिस द्वारा भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी और अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। एक संयुक्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध नशीली दवाएं, बीयर, नेपाली व भारतीय मुद्रा और एक देशी कट्टा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। ये बाते बेनीपट्टी डीएसपी अमित कुमार ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों से कही। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को सीमा पर अवैध गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एसएसबी के उप निरीक्षक अमित कुमार, सुनील कुमार, विजय तिरकी और हरलाखी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सहित कई पुलिस बल शामिल थे। टीम ने चिन्हित स्थान पर छापेमारी की, जहाँ फुलहर गांव निवासी पिंकू कुमार उर्फ पिंटू गिरी को संदिग्ध अवस्था में एक थैले के साथ पाया गया। पुलिस को देखकर आरोपी घबराने लगा, जिसके बाद उसकी सघन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक अवैध देशी कट्टा, भारी मात्रा में अवैध नशीले टैबलेट, सिरप, पुआल के नीचे छिपाकर रखी गई दो बोतल बीयर, 2750 नेपाली रुपये, 300 भारतीय रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद किया। डीएसपी ने जानकारी दी कि गिरफ्तार युवक पिंकू कुमार अपने फरार साथी मधवापुर प्रखंड के साहरघाट थाना के पिहवारा गांव के बलिंदर दास उर्फ बल्लू के साथ मिलकर सीमावर्ती इलाकों में नशीली दवाओं की सप्लाई करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क के मुख्य स्रोत और इसके अन्य कनेक्शनों की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि हम इस बात की तहकीकात कर रहे हैं कि ये खेप कहाँ से लाई जा रही थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था। तस्करी में शामिल अन्य अपराधियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस अवसर पर हरलाखी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार और अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। पुलिस की इस तत्परता से सीमावर्ती क्षेत्रों के तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।




