सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रशासन का कई ईलाके में चला बुलडोजर!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी बेनीपट्टी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा रहिका-बेनीपट्टी मुख्य सड़क के चौड़ीकरण की प्रक्रिया ने अब गति पकड़ ली है। गुरुवार को बेनीपट्टी अंचल प्रशासन ने भारी पुलिस बल के साथ भदुली, परकौली और अरेर सहित विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे बने दर्जनों स्थायी और अस्थायी ढांचों को जेसीबी (बुलडोजर) की मदद से तोड़कर हटाया गया। एनएचएआई के परियोजना निदेशक ने मधुबनी इकाई मधुबनी में सड़क निर्माण के लिए नये सिरे से अधिग्रहित किए गए भूमि पर अवैध कब्जों के कारण सड़क चौड़ीकरण के कार्य में आ रही बाधाओं से जिला प्रशासन को अवगत कराया था। परियोजना में हो रही देरी को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सह भारत माला परियोजना के फेज 1 के नोडल अधिकारी को तत्काल अवरोध दूर करने के निर्देश दिए। जिसके बाद जिला भूअर्जन पदाधिकारी द्वारा बेनीपट्टी एसडीओ को पत्र भेजकर दंडाधिकारी व पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति कर अतिक्रमण खाली कराने की बात कही गई थी। जिसके आलोक में बेनीपट्टी एसडीओ शारंग पाणि पांडेय ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अंचल अधिकारी अभिषेक आनंद को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त कर यह बड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की। प्रशासनिक अधिकारियों की मानें तो इस सड़क के चौड़ीकरण के लिए जिन-जिन जगहों पर पूर्व से उपलब्ध सरकारी भूमि के अलावे और भी अतिरिक्त भूमि की जरूरत थी उसे वर्ष 2021-22 में नए सिरे से चिन्हित कर उस भूमि का भी अधिग्रहण किया गया था। संबंधित भूस्वामियों को सरकार की ओर से नियमानुसार मुआवजा राशि का भुगतान किया जा चुका है। इसके बावजूद भी कई भूस्वामियों द्वारा अपनी जमीन खाली नहीं की गई थी। जिसके बाद प्रशासन द्वारा कई बार नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का मौका दिया गया था, लेकिन निर्देशों की अनदेखी करने पर अंततः पुलिस बल के साथ दंडाधिकारी की मौजूदगी में अतिक्रमण खाली कराना पड़ा। अतिक्रमणमुक्ति अभियान के दौरान जिला पुलिस कैंप के दर्जनों जवान मुस्तैद रहे, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। इस संबंध में दंडाधिकारी सह सीओ श्री आनंद ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण में आ रहे अवरोध की समस्या को दूर करने के लिये वरीय अधिकारियों के निर्देश के आलोक में यह अतिक्रमण खाली कराने का अभियान चलाया जा रहा है और आवश्यकता होने पर शुक्रवार को भी यह अभियान चलाया जायेगा। इस अवसर पर बेनीपट्टी सीओ के साथ अरेर एसएचओ आनंद शंकर गौरव, एनएचएआई के कर्मी और अन्य राजस्व अधिकारी आदि भी उपस्थित थे।

Join us on: