बेतिया में रफ्तार का कहर: ट्रक ने बाइक व स्कूटी को कुचला, युवक की मौत; दो महिलाएं गंभीर घायल!

SHARE:

रिपोर्ट- मनोज कुमार

बेतिया से खबर है जहां शहर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर सामने आया है। रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक बाइक चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि तेज रफ्तार ट्रक ने दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया तथा स्कूटी को करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।

मिली जानकारी के अनुसार छावनी की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर चल रहे दो मोटरसाइकिल व एक स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आसपास मौजूद कई लोग बाल-बाल बच गए।

मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पूर्वी करगहिया निवासी चंद्रदेव शाह के 32 वर्षीय पुत्र बबलू कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं इस हादसे में घायल महिलाओं की पहचान अस्मिता देवी (40) और उनकी पुत्री खुशी कुमारी के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर हालत में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक काफी तेज गति में था। टक्कर के बाद स्कूटी ट्रक के नीचे फंस गई और चालक उसे करीब 200 मीटर तक घसीटता चला गया। इस दौरान सड़क पर अफरातफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने ट्रक को घेर लिया। इस दौरान चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन भीड़ ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।

दुर्घटना के बाद मुख्य सड़क पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्रक के नीचे फंसी स्कूटी को बाहर निकाला और ट्रक को जब्त कर थाने ले गई। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात को सामान्य कराया गया।

इधर, इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दुर्घटना की भयावह तस्वीरें कैद हैं। फुटेज में देखा जा सकता है कि ट्रक की चपेट में आने के बावजूद एक महिला घायल अवस्था में ट्रक के नीचे से बाहर निकलती हुई दिखाई देती है। यह दृश्य लोगों को हैरान कर देने वाला है और मानो कहावत को सच साबित करता है— “जाको राखे साईंया, मार सके ना कोई।”

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Join us on:

और पढ़ें