:- रवि शंकर अमित!
महिला सशक्तिकरण की दिशा में आज दिनांक 26 फरवरी 2026 को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभागार में “आयोग आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य श्रीमती ममता कुमारी, जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री एवं पुलिस अधीक्षक बेगूसराय श्री मनीष द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
जनसुनवाई के दौरान लगभग 25 परिवादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देश दिए गए। प्राप्त शिकायतों में मुख्यतः घरेलू हिंसा, शारीरिक प्रताड़ना, दहेज उत्पीड़न, संपत्ति में हिस्सेदारी नहीं देना, ससुराल पक्ष द्वारा जबरन मायके भेज देना, कार्यस्थल पर उत्पीड़न तथा पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले शामिल थे। आयोग की सदस्य द्वारा प्रत्येक मामले पर सुनवाई करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर श्रीमती ममता कुमारी ने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाना और उनकी आवाज को सशक्त बनाना आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनसुनवाई कार्यक्रम महिलाओं को बिना भय अपनी बात रखने का सशक्त मंच प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि जटिल मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए गए। उन्होंने पीड़ित महिलाओं को हरसंभव सहायता, आवश्यक होने पर कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के उपरांत आयोग की सदस्य द्वारा जिला स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ महिलाओं से संबंधित मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा बेगूसराय मंडल कारा का निरीक्षण भी किया गया, जहां कई महिला कैदी निरक्षर पाई गईं। इस पर संबंधित अधिकारियों को उन्हें साक्षर बनाने हेतु आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि आयोग चाहता है कि पुलिस-प्रशासन संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करे तथा महिलाओं को आगे बढ़ने में आ रही बाधाओं को दूर करे। सभी पदाधिकारी प्राप्त परिवादों का निष्पक्ष जांच प्रतिवेदन तैयार करें ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। आयोग का उद्देश्य महिलाओं को ससमय न्याय प्रदान करना है।
आयोग द्वारा महिलाओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। महिला पंचायत प्रतिनिधियों को सशक्त बनाने हेतु ‘पंचायत से पार्लियामेंट तक’ कार्यक्रम के अंतर्गत भ्रमण एवं प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे निर्णय लेने में सक्षम बन सकें।
उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर देश के लगभग 400 से 450 जिलों में दिनांक 09.03.2026 से 13.03.2026 तक विशेष जनसुनवाई अभियान चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से लंबित शिकायतों के निष्पादन का प्रयास किया जाएगा।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्रीमती ममता कुमारी ने कहा कि बिहार में बेगूसराय एकमात्र ऐसा जिला है, जहां से राष्ट्रीय महिला आयोग को सबसे कम मामले प्राप्त हुए हैं। यह यहां की महिलाओं की जागरूकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आयोग महिलाओं को आगे बढ़ाने एवं उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।



