:- रवि शंकर अमित/शशिकांत मिश्रा!
मोकामा के पचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा जलालपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 11 बाहापर गांव में गुरुवार की सुबह अचानक हड़कंप मच गया। शादी समारोह में शामिल डेढ़ दर्जन महिलाओं और बच्चियों की तबीयत एक साथ बिगड़ गई। सभी को पेट दर्द, उल्टी, चक्कर और घबराहट की शिकायत होने लगी, जिससे पूरे गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया।
बताया जाता है कि बाहापर निवासी वरुण राम के पुत्र पप्पू कुमार की शादी बुधवार को संपन्न हुई थी। बारात निकलने के बाद देर रात तक घर में वैवाहिक कार्यक्रम चलता रहा। इसी दौरान कुछ महिलाओं ने सुबह तैयार किया गया भोजन रात करीब 11 बजे ग्रहण किया। भोजन करने के कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। पहले एक-दो महिलाएं बीमार पड़ीं, लेकिन देखते ही देखते संख्या बढ़ती चली गई।
गुरुवार की सुबह स्थिति गंभीर होते देख परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए सभी बीमार महिलाओं और बच्चियों को बड़हिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। डॉ. पल्लवी भारती ने प्रारंभिक जांच के आधार पर इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला बताया। समय पर इलाज मिलने से सभी मरीजों की हालत में सुधार हुआ और वे खतरे से बाहर बताई जा रही हैं।
अस्पताल में भर्ती महिलाओं में स्वीटी कुमारी (पटना), ज्योति कुमारी (बेगूसराय), रेखा देवी (गंगासराय), रोशनी कुमारी (रामचंद्रपुर), प्रियंका कुमारी (बरहपुर), संगीता कुमारी (दरियापुर) के साथ बाहापर गांव की निशा कुमारी, जुली कुमारी, खुशी कुमारी, सुनीता देवी, बबली कुमारी, सुहानी कुमारी, सृष्टि कुमारी, हीरा देवी और काजल कुमारी शामिल हैं। कुल 15 महिलाओं का इलाज किया गया।
परिजनों के अनुसार शादी समारोह के दौरान तैयार चावल, दाल और सब्जी को देर रात तक रखा गया था, जिसे खाने के बाद यह स्थिति उत्पन्न हुई। आशंका जताई जा रही है कि बासी भोजन के सेवन से फूड प्वाइजनिंग हुई।
Byte – डॉक्टर पल्लवी
Byte – परिजन




