रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
कलुआही में जदयू प्रखंड अध्यक्ष का चुनाव संपन्न, उदयकांत चौधरी चौथी बार निर्विरोध निर्वाचित
मधुबनी जिले के कलुआही प्रखंड क्षेत्र के कलुआही बाजार स्थित एक निजी विद्यालय परिसर में शनिवार को जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रखंड अध्यक्ष पद के लिए संगठनात्मक चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया संगठनात्मक चुनाव प्रवेक्षक कुमारी उषा एवं प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी महफूज अहमद की देखरेख में संपन्न कराई गई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूर्वाह्न 11 बजे से 12:30 बजे तक नामांकन प्रक्रिया चली। इस अवधि में प्रखंड अध्यक्ष पद के लिए मात्र एक अभ्यर्थी के रूप में उदयकांत चौधरी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन की समय-सीमा समाप्त होने के उपरांत स्क्रूटनी की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें उनका नामांकन पत्र वैध पाया गया। चूंकि अन्य किसी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया, इसलिए उन्हें सर्वसम्मति से निर्विरोध प्रखंड अध्यक्ष घोषित किया गया। प्रवेक्षक कुमारी उषा ने बताया कि प्रदेश जदयू के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से कराई गई। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक मजबूती के लिए नियमित अंतराल पर ऐसे चुनाव आवश्यक हैं, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और जवाबदेही बनी रहती है।उदयकांत चौधरी के लगातार चौथी बार प्रखंड अध्यक्ष निर्वाचित होने की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। उपस्थित समर्थकों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर तथा फूलमालाओं से स्वागत कर अपनी प्रसन्नता जाहिर की। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में प्रखंड स्तर पर पार्टी संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा आगामी चुनावों में पार्टी को लाभ मिलेगा। इस अवसर पर जदयू के वरिष्ठ नेता केदारनाथ भंडारी, हरि शंकर पासवान, बाबू साहेब यादव, बैद्यनाथ यादव, गुलाम नवी आजाद, संगीता ठाकुर, कुंवर जी झा, भोगेंद्र झा, लक्ष्मी साफी, महेंद्र ठाकुर, गणेश मुखिया, प्रदीप चौधरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर नेताओं ने संतोष व्यक्त किया।



