बेगूसराय-डीडीसी की अध्यक्षता में सात निश्चय 2 के तहत संचालित सभी योजनाओं की समीक्षा बैठक!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

आज दिनांक 11 फरवरी 2026 को श्री आकाश चौधरी, उपविकास आयुक्त, बेगूसराय की अध्यक्षता में सात निश्चय–02 के अंतर्गत डीआरसीसी (DRCC) द्वारा संचालित सभी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में डीपीओ (योजना), डीपीओ (लेखा), शिक्षा विभाग, बेगूसराय, डीपीएमयू लीड, बेगूसराय, जिला क्षेत्रीय समन्वयक (सोशल) सात निश्चय, बेगूसराय तथा डीआरसीसी, बेगूसराय के सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान पूर्व समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई तथा योजनाओं की प्रगति में अपेक्षित सुधार लाने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वर्तमान में जिला राज्य स्तरीय रैंकिंग में द्वितीय स्थान पर है।

माह दिसंबर 2025 की राज्य स्तरीय रैंकिंग के अनुसार बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में जिला 24वें स्थान पर, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना में 14वें स्थान पर तथा कुशल युवा कार्यक्रम में द्वितीय स्थान पर है।

बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की प्रगति की विशेष रूप से समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि कुल प्राप्त आवेदनों की तुलना में ऋण स्वीकृति/निस्तारण में अंतर बना हुआ है तथा लंबित आवेदनों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है, जिससे योजना की रैंकिंग प्रभावित हो रही है। इस पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उपविकास आयुक्त ने लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण तथा मासिक अंतर को शून्य करने का सख्त निर्देश दिया।

साथ ही मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम में और अधिक प्रगति सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए प्रगति की गति बढ़ाने का निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान डीआरसीसी प्रबंधक की कार्यप्रणाली असंतोषजनक पाई गई। जिला पदाधिकारी, बेगूसराय द्वारा पूर्व में दिए गए निर्देशों का अनुपालन नहीं किए जाने पर उपविकास आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। प्रबंधक से स्पष्टीकरण प्राप्त करते हुए उनका मानदेय स्थगित करने का निर्णय लिया गया तथा कार्य में तत्काल सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक का समापन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिला की राज्य स्तरीय रैंकिंग में और सुधार लाने की प्रतिबद्धता के साथ किया गया है।

Join us on: