:- रवि शंकर अमित/बबलू राय!
बेगूसराय में प्रेम विवाह करने वाली एक युवती को कथित तौर पर दहेज की मांग की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। इस दौरान मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बाबूराही गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान अमृता कुमारी के रूप में की गई है,जो बाबूराही गांव निवासी सचिन कुमार की पत्नी थी। मृतका के पिता भीम कुमार यादव का आरोप है कि उनकी बेटी ने जून 2025 में सचिन कुमार के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद कुछ दिनों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष की ओर से कथित तौर पर 5 लाख रुपये दहेज की मांग की जाने लगी।परिजनों का कहना है कि अमृता को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि ढाई लाख रुपये देने के बावजूद भी ससुराल पक्ष की मांग जारी रही। मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि दहेज नहीं मिलने से नाराज होकर अमृता की गला दबाकर हत्या कर दी गई।घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया।मायके पक्ष की ओर से दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
बाइट – भीम यादव पिता




