CTET प्रश्नपत्र देर से पहुंचने पर  परीक्षार्थियों ने किया जमकर हंगामा!

SHARE:

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार!

वैशाली के संत जॉन्स परीक्षा केंद्र पर CTET परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों ने जमकर हंगामा किया। सुबह 9:30 बजे से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए सुबह 11 बजे तक प्रश्न पत्र नहीं पहुंचने से परीक्षार्थी आक्रोशित हो गए।

परीक्षार्थियों के अनुसार, उन्हें सुबह 9:30 बजे से परीक्षा देनी थी, लेकिन निर्धारित समय के डेढ़ घंटे बाद भी प्रश्न पत्र उपलब्ध नहीं कराए गए। इस अव्यवस्था के कारण केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह घटना वैशाली थाना क्षेत्र के केशोपुर स्थित संत जॉन्स परीक्षा केंद्र पर हुई। इस केंद्र पर एक हजार से अधिक परीक्षार्थी CTET परीक्षा में शामिल होने पहुंचे थे।

परीक्षार्थियों ने इस स्थिति के लिए शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उनका आरोप था कि प्रश्न पत्रों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने में लापरवाही बरती गई। इसके बाद परीक्षार्थियों ने संत जॉन्स एकेडमी में हंगामा शुरू कर दिया और केंद्र से बाहर निकलकर विरोध प्रदर्शन किया।

आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित परीक्षार्थियों को शांत करने का प्रयास किया।

परीक्षार्थियों ने बताया कि वे निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे, लेकिन उन्हें प्रश्न पत्र समय पर नहीं मिले। जानकारी के अनुसार, जब अधिकारी देर से प्रश्न पत्र लेकर पहुंचे, तो परीक्षार्थियों ने उन्हें लेने से इनकार कर दिया।

इस अव्यवस्था के कारण यह परीक्षा फिलहाल नहीं हो पाई है। स्थिति को देखते हुए परीक्षा केंद्र पर आसपास के कई थानों से पुलिस बल बुलाया गया है। घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई है।

इस संबंध में सदर SDPO गोपाल मंडल ने बताया कि सीटेट का एग्जाम चल रहा था। लेकिन उत्तरपुस्तिका विलंब से पहुंचने के कारण परीक्षार्थियों द्वारा परीक्षा को बहिष्कार किया गया है। फिलहाल स्थिति को काबू किया जा रहा है। इसके बाद जांच होने पर मामला अस्पष्ट हो जाएगा।

Join us on: