सुबह पत्नी के साथ हुआ विवाद, रात में दुकानदार पति की हत्या,पत्नी के प्रेमी पर परिजनों का आरोप!

SHARE:

रिपोर्ट- संतोष तिवारी

बिहार/मुजफ्फरपुर

नगर थाना क्षेत्र के गोला रोड दुर्गा
स्थान मंदिर के समीप मंगलवार देर रात पान दुकानदार की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान माखन साह चौक निवासी मनोज कुमार राय के रूप में हुई है। सूचना के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी और एएसपी नगर सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे। घटनास्थल व सदर अस्पताल में परिजनों से पूछताछ की। मृतक की मां और अन्य परिजनों ने बहू नीशु और पिंटू कुमार पर हत्या का आरोप लगाया है। मां के बयान पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस ने बहू नीशु को हिरासत में ले लिया है।
मृतक की मां मुन्नी देवी ने पुलिस को बताया कि बीते कुछ समय से मनोज की पत्नी का गरीबस्थान रोड इलाके में स्थित एक ज्वेलरी दुकान में काम करने वाले युवक के साथ प्रेम संबंध था। मंगलवार सुबह मनोज को उस युवक के साथ पत्नी की तस्वीर मिली थी, जिसके बाद घर में विवाद और मारपीट भी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के चलते मनोज की हत्या की साजिश रची गई। मृतक की मामी ने भी बताया कि मनोज ने कथित तौर पर पत्नी की किसी अन्य युवक के साथ तस्वीर देखी थी, जिससे पारिवारिक तनाव काफी बढ़ गया था। परिजनों का यह भी कहना है कि इससे पहले भी मनोज पर हमले की कोशिश हो चुकी थी, जिससे परिवार में डर और असुरक्षा का माहौल था।
पुलिस ने मृतक के मोबाइल का कॉल डिटेल्स खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस को आशंका है कि कॉल कर बुलाने वाले व्यक्ति ने ही वारदात को अंजाम दिया है। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि मृतक की मां ने एक संदिग्ध युवक का नाम बताया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग, पारिवारिक विवाद और पूर्व की घटनाओं समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Join us on: