रिपोर्ट- ऋषभ कुमार!
वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत महुआ-हाजीपुर मुख्य मार्ग पर रानीपोखर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
मृतक की पहचान जंदाहा थाना क्षेत्र के धधूआ गांव निवासी स्व रमेश ठाकुर के 50 वर्षीय पुत्र अमरेश ठाकुर के रूप में हुई है। जबकि घायल व्यक्ति गोपाल ठाकुर भी जंदाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मणपुर बहोरी गांव का रहने वाला है।
बताया जा रहा है कि दोनों साथी थे और सोनपुर के बाबा हरिहर नाथ मंदिर में महामृत्युंजय पूजा करवाने जा रहे थे, तभी रानीपोखर के पास यह सड़क हादसा हुआ है।
सूचना मिलने पर महुआ थानाध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा गया।
घटना के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने सड़क मार्ग अवरुद्ध कर दिया था। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। मृतक तीन भाई बहन में सबसे बड़ा थे एक लड़का मृदुल वत्स है।
इस संबंध में महुआ थाना अध्यक्ष राजेश रंजन ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत और दूसरे के घायल होने की सूचना मिली थी। तत्काल पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया।
उन्होंने बताया कि घायल को सदर अस्पताल हाजीपुर पहुंचाया गया है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया है। परिजनों से लिखित आवेदन प्राप्त होने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




