रिपोर्ट – अमित कुमार
बिहार विधानसभा के बजट सत्र का आज पहला दिन है, लेकिन सत्र की शुरुआत हंगामे के साथ हुई। नीट छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म मामले को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरने की कोशिश की। कांग्रेस विधायक कमरुल होधा बैनर-पोस्टर के साथ विधानसभा पहुंचे और इस मामले को राज्यपाल के अभिभाषण में शामिल करने की मांग की।
कांग्रेस विधायक कमरुल होदा ने कहा कि अगर राज्यपाल के अभिभाषण में इस गंभीर मामले का जिक्र किया गया है तो यह अच्छी बात है, लेकिन सिर्फ जिक्र से नहीं, पीड़िता को इंसाफ मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में लगातार बलात्कार, दुष्कर्म, हत्या, लूट और अपहरण की घटनाएं बढ़ रही हैं।
कमरुल होधा ने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में बड़े और प्रभावशाली लोग शामिल होते हैं, जिन्हें बचाने की कोशिश बिहार पुलिस कर रही है। उन्होंने साफ कहा कि भले ही यह मामला सीबीआई को सौंप दिया गया हो, लेकिन इससे न्याय की गारंटी नहीं मिल जाती।
उन्होंने बाल गिरी कांड का उदाहरण देते हुए कहा कि कई मामलों में सीबीआई जांच के बावजूद वर्षों तक कोई नतीजा नहीं निकलता। कांग्रेस विधायक ने ऐलान किया कि इस मुद्दे को विधानसभा में पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा।




