पहले भी मिला है, इस बार भी बजट में बिहार को मिलेगा पूरा हक : मंत्री श्रवण कुमार!

SHARE:

रिपोर्ट- अमित कुमार

-बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने केंद्रीय बजट को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार को पहले भी बजट में पूरा ध्यान मिला है और इस बार भी डबल इंजन की सरकार बिहार को निराश नहीं करेगी। मंत्री ने उद्योग, रोजगार, इंफ्रास्ट्रक्चर, MSME, टैक्स छूट, स्वास्थ्य योजनाओं और नीट पीड़िता मामले में सीबीआई जांच को लेकर अपनी बात रखी।

बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार आशा भरी निगाहों से बजट की ओर देख रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार के बजट में बिहार में उद्योग लगाने, रोजगार सृजन और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
MSME को लेकर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सर्वे के आधार पर नीति बनाती है और देश को आगे बढ़ाने के लिए जो रणनीति तैयार की गई है, उसका लाभ बिहार को भी जरूर मिलेगा।
टैक्स में छूट को लेकर मंत्री ने कहा कि जहां आवश्यकता होती है, वहां सरकार सर्वे के अनुसार निर्णय लेती है और उसी आधार पर बजट का निर्माण किया जाता है।
स्वास्थ्य के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों की दवाओं की कीमतें कम करने का प्रावधान किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि मनुष्य की जिंदगी सबसे पहले है, जब जीवन सुरक्षित रहेगा तभी विकास और तरक्की संभव है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए पहले ही पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का निर्णय लिया जा चुका है और आगे भी बेहतर फैसले लिए जाएंगे।
नीट पीड़िता मामले में सीबीआई जांच को लेकर श्रवण कुमार ने कहा कि जब समाज की ओर से बड़ी जांच की मांग होती है तो मामले को सीबीआई को सौंपा जाता है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी पर भरोसा रखना चाहिए और हर हाल में दोषियों को पकड़ा जाएगा।
तेजस्वी यादव के उस बयान पर कि सीबीआई जांच से प्रशासन की विफलता उजागर होती है, मंत्री ने कहा कि इस तरह की बयानबाजी उनकी समझ से बाहर है। जांच एजेंसियों पर सवाल उठाना ठीक नहीं है और विपक्ष को धैर्य रखना चाहिए।

Join us on: