रिपोर्ट- सुमित कुमार!
मुंगेर जिले में विभिन्न खेल विधाओं में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन कर चुके हैं। इसी कड़ी में अब बैडमिंटन के खिलाड़ियों के लिए भी एक बड़ी सौगात मिली है। जिला मुख्यालय स्थित आरडी एंड डीजे कॉलेज परिसर में बैडमिंटन सेंटर का उद्घाटन किया गया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने कहा कि यह सेंटर मुंगेर जिले के खिलाड़ियों के लिए एक नई ऊंचाई और नया आयाम प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि अब खिलाड़ियों को बैडमिंटन खेलने और प्रशिक्षण के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।
जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों से अपील की कि वे इस सेंटर से जुड़कर अपने खेल कौशल को निखारें और जिला, राज्य व राष्ट्र स्तर पर पदक जीतकर मुंगेर का नाम रोशन करें। उन्होंने मुख्यमंत्री की “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस अवसर पर महापौर कुमकुम देवी ने भी अपने विचार रखे और खेल के विकास में ऐसे केंद्रों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सेंटर के अधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
बाइट- निखिल धनराज निप्पाणीकर
जिलाधिकारी मुंगेर




