नैमिषारण्य धाम में सतनारायण भगवान की कथा का श्रवण करेंगे श्रद्धालु!

SHARE:

रिपोर्ट- संतोष तिवारी!


मुजफ्फरपुर::अखंड भारत पुरोहित महासभा की ओर से सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार और धार्मिक चेतना को मजबूत करने के उद्देश्य से सनातन तीर्थाटन यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस यात्रा को लेकर जिले में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस आध्यात्मिक यात्रा से जुड़ सकें।
अखंड भारत पुरोहित महासभा के राष्ट्रीय संयोजक हरिशंकर पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सनातन तीर्थाटन यात्रा 5 जनवरी 2026 से प्रारंभ होना था लेकिन तीर्थाटन यात्रियों के विशेष आग्रह एवं अत्यधिक ठंड को देखते हुए अखंड भारत पुरोहित महासभा के पदाधिकारी ने निर्णय लिया की आगामी यात्रा 30 जनवरी 2026 से प्रारंभ होकर 7 फरवरी 2026 तक चलेगी सनातन धर्म तीर्थाटन यात्रा 9 दिनों तक चलेगी। यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को अपने सनातन संस्कारों, धार्मिक परंपराओं और प्राचीन मठ-मंदिरों से रूबरू कराना है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की मजबूती और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए इस तरह की यात्राएं समय की आवश्यकता हैं।
यह यात्रा मुजफ्फरपुर से बस द्वारा प्रारंभ होगी, जिसमें श्रद्धालुओं को मैहर माता धाम, नैमिषारण्य धाम, चित्रकूट धाम, प्रयागराज धाम और अयोध्या धाम के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व की जानकारी भी दी जाएगी।
राष्ट्रीय संयोजक ने बताया कि यात्रा के दौरान नैमिषारण्य धाम में श्रद्धालु सामूहिक रूप से सतनारायण भगवान की कथा का श्रवण करेंगे। इससे भक्तों में आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होगा। महासभा के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से इस पावन यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

Join us on: