रिपोर्ट- बिकास कुमार
सहरसा।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) सहरसा ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रेल यार्ड से चोरी की गई रेल संपत्ति के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुकुल कुमार (22 वर्ष), पिता कल्लू राउत, निवासी बटराहा अन्नपूर्णा मंदिर के पास, वार्ड संख्या-27, थाना व जिला सहरसा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 दिसंबर 2025 को प्रभारी निरीक्षक RPF पोस्ट सहरसा धनंजय कुमार के आदेश पर उप निरीक्षक सुजीत कुमार मिश्र के नेतृत्व में टीम यार्ड क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान MG लोको शेड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति कंधे पर बोरी लेकर जाता दिखा। शक होने पर टीम ने घेराबंदी की तो वह बोरी फेंककर भागने लगा, लेकिन मौके पर ही पकड़ लिया गया।
तलाशी लेने पर बोरी से 10 अदद पेंड्रोल क्लिप (जिलेबी) तथा 01 अदद चार छेदा वाला फिस प्लेट बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने रेलवे स्टोर से रेल लाइन में प्रयुक्त सामग्री चोरी कर फेरीवाले को बेचने की बात स्वीकार की। बरामद रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 3500 रुपये आंकी गई है। RPF ने मौके पर विधिवत फर्द जप्ती तैयार कर अभियुक्त को गिरफ्तार किया। इस संबंध में RPF पोस्ट सहरसा में मु0अ0सं0-15/2025 दिनांक 25.12.2025 अंतर्गत धारा-3 रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच का जिम्मा सहायक उप निरीक्षक महेश कुमार सिंह को सौंपा गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को रेल न्यायालय खगड़िया में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।




