रिपोर्ट- सुमित कुमार
28 दिसंबर को अनुमंडलीय अस्पताल हवेली खड़गपुर का उप मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ, डीएम ने किया तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण
मुंगेर जिले हवेली खड़गपुर में आगामी 28 दिसंबर को माननीय उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा अनुमंडलीय अस्पताल की सेवाओं के शुभारंभ को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर एसपी सैयद इमरान मसूद ने कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हेलीपैड, खड़गपुर झील, कैफेटेरिया, सौ शैय्या वाले अनुमंडलीय अस्पताल परिसर तथा खैरा में प्रस्तावित ‘मन की बात’ कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शनिवार तक सभी तैयारियां हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, अनुमंडल पदाधिकारी हवेली खड़गपुर, तारापुर सहित अन्य वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम के दिन यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रहनी चाहिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी को विशेष निर्देश दिए गए हैं।जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि 28 दिसंबर को माननीय उप मुख्यमंत्री सर्वप्रथम राजकीय बुनियादी विद्यालय, खैरा के मैदान में आयोजित प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे स्थानीय लोगों की जनसमस्याओं से रूबरू होंगे।तत्पश्चात माननीय उप मुख्यमंत्री द्वारा सौ शैय्या वाले अनुमंडलीय अस्पताल हवेली खड़गपुर की सेवाओं का औपचारिक शुभारंभ एवं निरीक्षण किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतिम चरण में खड़गपुर झील के पास किए गए सौंदर्यीकरण कार्य और नए बोटिंग चैनल का उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद कैफेटेरिया में विभागीय पदाधिकारियों के साथ बैठक भी प्रस्तावित है।
बाइट-निखिल धनराज निप्पाणीकर जिलाअधिकारी मुंगेर




