रिपोर्ट- मिथुन कुमार!
:राजगीर स्थित कन्वेंशन सेंटर में पाँच दिनों तक चलने वाले नालंदा साहित्य महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ किया गया। महोत्सव का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, कांग्रेस सांसद शशि थरूर और पद्म विभूषण से सम्मानित प्रख्यात नृत्यांगना सोनल मानसिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल राजगीर में इस तरह के साहित्यिक आयोजन का होना अत्यंत प्रसन्नता की बात है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में कला और साहित्य प्रेमियों का एक मंच पर एकत्र होना विचारों के आदान-प्रदान को मजबूत करता है। नालंदा सदैव ज्ञान की भूमि रही है और नालंदा विश्वविद्यालय ने विश्व को ज्ञान की रोशनी देने का कार्य किया है। ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे साहित्य के माध्यम से ज्ञान और संस्कृति का व्यापक प्रचार-प्रसार होता है। वहीं कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि ज्ञान की शुरुआत भले ही कक्षा से होती हो, लेकिन नालंदा जैसी ऐतिहासिक भूमि पर साहित्य और संस्कृति पर चर्चा होना और भी महत्वपूर्ण है। साहित्य सम्मेलन एक ऐसा मंच है, जहाँ हम साहित्य, संस्कृति और विचारों पर संवाद कर अपनी परंपराओं को आगे बढ़ा सकते हैं। उन्होंने राजगीर में नालंदा साहित्य महोत्सव के आयोजन को एक सराहनीय पहल बताया। नालंदा साहित्य महोत्सव के तहत आने वाले पाँच दिनों तक साहित्य, संस्कृति और विचारों पर आधारित विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देश-विदेश के ख्यातिप्राप्त साहित्यकार और चिंतक हिस्सा लेंगे।
बाइट:आरिफ मोहम्मद खान राज्यपाल
बाइट :शशि थरूर सांसद कांग्रेस
मिथुन कुमार, संवाददाता नालंदा



