रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया!
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार पटना के आधिकारिक पोर्टल के अनुसार खगड़िया जिला पर्चा वितरण में पूरे बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुका है। यह उपलब्धि जिला प्रशासन के सतत प्रयास, टीम वर्क एवं जनसहभागिता का महत्वपूर्ण परिणाम है।
डॉ. अम्बेडकर समग्र सेवा अभियान के अंतर्गत संचालित शिविर” के माध्यम से आज दिनांक 10 दिसंबर 2025 को विभिन्न प्रखंडों में कुल 901 पर्चों का वितरण किया गया। इन शिविरों में बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित हुए तथा वास/बंदोबस्ती पर्चा प्राप्त किया।
प्रखंडवार पर्चा वितरण विवरण इस प्रकार है —
खगड़िया – 255
अलौली – 53
गोगरी – 73
परबत्ता – 142
बेलदौर – 308
चौथम – 70
कुल – 901 पर्चा वितरित
शिविरों में माननीय विधायक , सभी अंचलों के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि , राजस्व कर्मी उपस्थित रहे। बेलदौर प्रखंड में अपर समाहर्ता महोदया द्वारा स्वयं लाभुकों को पर्चा वितरण किया गया, जिससे कार्यक्रम में पारदर्शिता एवं त्वरित सेवा सुनिश्चित हो सकी।
डॉ. अम्बेडकर समग्र सेवा अभियान के तहत सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ सुनिश्चित कराने हेतु विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में सभी वासविहीन दलित एवं महादलित समुदाय के परिवारों को चिन्हित किया गया तथा पात्रता के अनुरूप वासगीत पर्चा निर्गत किया गया। सरकार की मंशा के अनुरूप हर गरीब एवं भूमिहीन परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए जिला प्रशासन सतत रूप से कार्यरत है।
जिले के सभी पात्र परिवारों को वास भूमि उपलब्ध कराने हेतु अभियान लगातार जारी रहेगा। जिला प्रशासन खगड़िया भूमि संबंधी योजनाओं के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु प्रतिबद्ध है।




