दशरथ मांझी के बेटे ‎भागीरथ मांझी को भी कांग्रेस ने किया अपमानित: गुरु प्रकाश!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

राहुल गांधी ने ‘पर्वत पुरुष’ दशरथ मांझी के पुत्र भागीरथ मांझी को चुनाव लड़ाने के आश्वासन को पूरा नहीं किया: गुरु प्रकाश

कांग्रेस और राजद के नेताओं की महादलितों को अपमानित करने की एक लंबी श्रृंखला है: गुरु प्रकाश

भागीरथ मांझी को भी कांग्रेस ने किया अपमानित: गुरु प्रकाश

एनडीए ने दलितों, महादलितों, आदिवासियों को सम्मानित करने का काम किया है: गुरु प्रकाश

‎पटना, 22 अक्टूबर। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने आज कांग्रेस के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने पर्वत पुरुष दशरथ मांझी के पुत्र भागीरथ मांझी के घर जाकर उन्हें टिकट देकर चुनाव लड़ाने का आश्वासन दिया था लेकिन उन्हें चुनाव नहीं लड़ाया गया। आज वे अपना दर्द मीडिया में साझा कर रहे हैं।

‎उन्होंने भाजपा मीडिया सेंटर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि आज भी कांग्रेस और राजद के लिए दलित और महादलित सिर्फ राजनीतिक लाभ लेने और उनके साथ फोटो खिंचवाने के काम आते हैं।

‎उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने एक बार फिर दलितों और महादलितों को अपमानित किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद के नेताओं की एक लंबी श्रृंखला है जिसमें उन्होंने यह कुकृत्य किया है।

‎भाजपा नेता गुरु प्रकाश ने आगे कहा कि कांग्रेस ने संविधान निर्माता बाबा साहेब का भी अपमान किया। उनके निधन के 40 साल बाद बाबा साहेब को उस सरकार ने भारत रत्न दिया जो भाजपा समर्थित थी। 

‎उन्होंने कहा कि पूर्व उप प्रधानमंत्री जगजीवन राम और सीताराम केसरी को भी कांग्रेस ने अपमानित किया। यही नहीं, वर्तमान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम को भी अपमानित किया गया। पटना हवाई अड्डे पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और अब भागीरथ मांझी। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि कांग्रेस दलितों और महादलितों को समझती क्या है? 

‎उन्होंने भागीरथ मांझी के एक बयान के ऑडियो को सुनाते हुए कहा कि वे दिल्ली गए और चार दिनों तक इंतजार करते रहे। यह कांग्रेस की नव-सामंतवादी व्यवस्था को दर्शाता है। 

‎राहुल गांधी ने दलितों और अति पिछड़ों को टिकट देने का भी वादा किया था। लेकिन इस चुनाव में उन्हें लगातार अपमानित होना पड़ रहा है। मंडल कमीशन को लागू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शरद यादव के पुत्र को राजद ने टिकट नहीं दिया, लेकिन दुर्दांत अपराधी शहाबुद्दीन के पुत्र को टिकट दिया गया। 

‎उन्होंने कहा कि आदिवासी अस्मिता की बात करने वाले जेएमएम के साथ भी क्या व्यवहार हुआ? 

‎भाजपा नेता ने आगे कहा कि एनडीए ने दलितों, महादलितों, आदिवासियों को सम्मानित करने का काम किया है। जबकि महागठबंधन का चेहरा सामंतवादी और भ्रष्टाचारी है। 

‎इस वार्ता में बिहार भाजपा सह मीडिया प्रभारी सुरज पांडेय और प्रवक्ता नीरज कुमार उपस्थित रहे।

Join us on: