पुलिस की बड़ी कार्रवाई-603 लीटर स्प्रिट एवं शराब निर्माण सामग्री किया जब्त!

SHARE:

रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया

खगड़िया, 20 अक्टूबर — आगामी बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा जिले में लगातार सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में आज पुलिस को अवैध शराब निर्माण के विरुद्ध एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई।
प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कालीस्थान, बछौता चौक स्थित एक आवास पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान 603 लीटर स्प्रिट के साथ-साथ शराब निर्माण एवं पैकिंग में प्रयुक्त सामग्री — जैसे खाली बोतलें, ढक्कन, लेबल एवं सीलिंग उपकरण आदि — बरामद की गईं।
प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उक्त परिसर में अवैध रूप से शराब तैयार कर उसकी बिक्री हेतु पैकिंग की जा रही थी। मामले की गहनता से जांच जारी है और आवश्यक विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी, खगड़िया ने कहा — “निर्वाचन प्रक्रिया की पवित्रता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क है। किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
पुलिस अधीक्षक, खगड़िया ने बताया — “चुनाव के मद्देनज़र विशेष निगरानी एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। नागरिकों से अनुरोध है कि अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।”
जिला प्रशासन आम जनता से भी सहयोग की अपील करता है ताकि आगामी बिहार विधानसभा निर्वाचन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और नशामुक्त वातावरण में संपन्न कराया जा सके।

Join us on: