रिपोर्ट- सुमित कुमार!
मुंगेर: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में प्रशासन द्वारा लगातार सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को असरगंज प्रखंड के शाहकुंड मोड़ के पास फ्लाइंग दस्ता की टीम ने वाहन जांच के दौरान एक युवक से 4 लाख 70 हजार 900 रुपये नगद बरामद किए। बरामद की गई राशि को राज्य कर संयुक्त आयुक्त कार्यालय में जमा करा दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, अंचलाधिकारी उमेश शर्मा के नेतृत्व में फ्लाइंग दस्ता की टीम असरगंज–तारापुर मुख्य मार्ग पर जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान युवक के बैग से 4 लाख 70 हजार 900 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मो नेहाल बताया और कहा कि वह भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित भगवती ट्रेडर्स से पैसे लेकर संग्रामपुर के एक राइस मिल जा रहा था।
बरामद राशि और युवक को अंचलाधिकारी ने राज्य कर संयुक्त आयुक्त योगेंद्र शर्मा के समक्ष प्रस्तुत किया। योगेंद्र शर्मा ने प्रारंभिक पूछताछ के बाद राशि को जब्त कर जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा गठित उड़न दस्ते की टीम द्वारा की गई है।
संयुक्त आयुक्त ने कहा कि जप्त की गई राशि को कोषागार में जमा करा दिया गया है। यदि कोई व्यक्ति इस पैसे का स्वामी होने का दावा करता है, तो वह जिला शिकायत समिति के समक्ष अपील कर सकता है। प्रारंभिक जांच में यह मामला व्यवसायिक लेन-देन से जुड़ा प्रतीत होता है, किंतु युवक द्वारा नकद राशि से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि संदेहास्पद नकद लेन-देन पर आदर्श आचार संहिता के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बाइट : योगेंद्र शर्मा राज्य कर संयुक्त आयुक्त मुंगेर




