मुंगेर: विकास की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने किया पुतला दहन, किया वोट बहिष्कार का ऐलान!

SHARE:

रिपोर्ट- सुमित कुमार!

-बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पहले चरण में मुंगेर जिले की तीनों विधानसभा सीटें—मुंगेर, जमालपुर और तारापुर—में मतदान होना है। लेकिन चुनाव से पहले ही मुंगेर नगर निगम क्षेत्र के महद्दीपुर गांव (वार्ड संख्या 37 और 42) के ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार की शाम नगर निगम की मेयर कुमकुम देवी, वार्ड संख्या 37 की पार्षद सुलेखा देवी और वार्ड संख्या 42 की पार्षद राजनंदनी देवी का पुतला दहन कर विरोध जताया।

ग्रामीणों का आरोप है कि नगर निगम क्षेत्र में शामिल होने के बावजूद उनका गांव विकास से पूरी तरह वंचित है। पिछले एक माह से गांव में प्रवेश करने वाली मुख्य सड़क खोदकर छोड़ दी गई है, जिससे राहगीरों को परेशानी हो रही है और कई लोग गिरकर चोटिल भी हो रहे हैं। इतना ही नहीं, नगर निगम द्वारा लगाई गई स्ट्रीट लाइटें भी दुर्गा पूजा से पहले से ही खराब पड़ी हैं, जिससे रात में गांव की सड़कें अंधेरे में डूबी रहती हैं और चोरी व अनहोनी की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर वे नगर आयुक्त से भी मिले, लेकिन समाधान नहीं निकला। अब प्रशासन आचार संहिता का हवाला दे रहा है। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने कहा कि जब जनप्रतिनिधियों ने उनके गांव की सुध नहीं ली, तो वे भी लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल नहीं करेंगे।

ग्रामीणों ने वर्तमान विधायक प्रणव कुमार पर भी आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में उन्होंने गांव में कोई विकास कार्य नहीं कराया। उनका कहना है कि नगर निगम क्षेत्र में शामिल होने के बावजूद महद्दीपुर गांव लगातार उपेक्षा का शिकार है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि इस बार 6 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में वे मतदान से दूर रहेंगे और सामूहिक रूप से वोट बहिष्कार करेंगे।

Join us on:

और पढ़ें