भोजपुर- महिलाओं का जीवन बदलने के लिये प्रधानमंत्री जी और नीतीश भैया का धन्यवाद – रीता देवी!

SHARE:

रिपोर्टर शुभम सिन्हा!

भोजपुर की रीता देवी से बोले प्रधानमंत्री मोदी, जीविका समूह से लखपति बनने की सुनाई कहानी

बिहार में शुक्रवार का दिन महिलाओं के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्य की 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 10,000 रुपए की राशि ट्रांसफर की। इस योजना के तहत कुल 7,500 करोड़ की आर्थिक मदद महिलाओं को दी गई, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर भोजपुर जिले की मोहम्मदपुर गांव की जीविका दीदी रीता देवी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीधी बातचीत की। रीता देवी ने बताया कि उन्होंने 2015 में जीविका समूह से जुड़कर महज 5,000 का लोन लिया और छोटे स्तर पर कारोबार की शुरुआत की। पहले उन्होंने मुर्गी पालन शुरू किया, फिर धीरे-धीरे अंडा बेचने का व्यवसाय खड़ा किया। मेहनत और संघर्ष से उन्होंने अपनी पहचान बनाई और आज लखपति दीदी की श्रेणी में शामिल हो गईं।

वहीं रीता देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से सीधे संवाद करना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि आज जो राशि सरकार ने दी है, उसका उपयोग वह अपने कारोबार को और आगे बढ़ाने में करेंगी। उन्होंने यह भी साझा किया कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद निरंतर मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।

इस मौके पर अन्य जीविका दीदियों ने भी प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जताते हुए कहा कि यह आर्थिक सहयोग उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाएगा और व्यवसाय को नई दिशा देगा। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री एवं पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने भी प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना की।

Join us on: