रिपोर्ट- अरविंद कुमार
समस्तीपुर विभूतिपुर प्रखंड के पतैलिया में कॉ॰ रामदेव वर्मा के तीसरे स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित सेमिनार भारत में फासीवाद का उभार और कम्युनिस्ट के आंदोलन का सौ साल विषय पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कॉ॰ दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि 2025 भारत में कम्युनिस्ट आंदोलन की सौ साल है । यह संयोग ही है कि इसी साल आर॰एस॰ एस॰ की स्थापना को भी सौ साल पूरे हो रहे हैं । भारत के संसदीय लोकतंत्र के इतिहास में आर॰ एस॰ एस॰ अधिकांश समय तक हाशिए पर रहा, किंतु आज वह सत्ता में आकर पूरे देश को ब्राह्मणवादी-मनुवादी विचारधारा के शिकंजे में कसने की पूरी कोशिश कर रहा है ।एक ओर, मोदी सरकार भारत की साम्राज्यवाद-विरोधी विरासत के साथ विश्वासघात करते हुए अमेरिका के सामने घुटने टेक रही है; वहीं दूसरी ओर, देश के भीतर संविधान और लोकतंत्र की हत्या करते हुए मुसलमानों,दलितों,मज़दूरों,किसानों, महिलाओं और आदिवासियों के अधिकारियों पर लगातार हमले कर रही है । उन्होंने कहा कि कम्युनिस्टों ने हमेशा आर॰ एस॰ एस॰की फासीवादी मंशाओं का डटकर विरोध किया है और आज भी फासीवादी उभार के विरुद्ध लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की लड़ाई के अग्रिम मोर्चे पर मजबूती से डटे हुए हैं ।
भाकपा माले के बिहार राज्य कमेटी के सचिव कॉ॰ कुणाल ने कहा कि आज जब देश फासीवादी ताक़तों के सबसे क्रूर हमले का सामना कर रहा है तो कॉ॰ रामदेव वर्मा की अनुपस्थिति गहराई से महसूस होती है । काराकाट के सांसद और पोलित ब्यूरो सदस्य कॉ॰ राजाराम सिंह ने कहा कि भाकपा माओवादी के महासचिव सहित अन्य छब्बीस लोगों की निर्मम हत्या की घोर निंदा करता हूँ । उन्होंने कहा कि भाजपा और आर॰ एस॰ एस॰ द्वारा मिथिला को उन्माद और उत्पात की प्रयोगशाला बनाने की हर कोशिश को मुंहतोड़ जवाब दिया जाना चाहिए ।पोलित ब्यूरो सदस्य कॉ॰ धीरेन्द्र झा ने कहा कि मिथिलांचल आज़ादी के आंदोलन के दौर से ही कम्युनिस्टों का एक मज़बूत गढ़ रहा है । आज एक बार फिर से मिथिलांचल में उसी संघर्ष की तपिश पैदा करने की ज़रूरत है । उन्होंने कहा कि अनगिनत बलिदानों से पवित्र इस धरती पर कम्युनिस्ट आंदोलन के सौ वर्ष पूरे होने पर यह आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सराहनीय है । केंद्रीय कमेटी सदस्य कॉ॰ मंजू प्रकाश ने सेमिनार में भाग लेकर सफल आयोजन के लिए उपस्थित लोगों एवं कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया । कम्युनिस्ट आंदोलन के सौ साल पूरे होने के अवसर पर दर्जनों 70 वर्ष से अधिक उम्र के अलग-अलग कम्युनिस्ट विचारधारा के नेता व कार्यकर्ताओं को महासचिव ने सम्मानित किया । मंच पर समस्तीपुर जिला सचिव उमेश कुमार, जिला स्थायी कमेटी सदस्य ललन कुमार, फूलबाबू सिंह, अमित कुमार, दिनेश कुमार सिंह, महावीर पोद्दार, जीबछ पासवान, सुरेन्द्र प्रसाद सिंह, विभूतिपुर प्रखंड सचिव अजय कुमार भी मौजूद रहे ।




