रिपोर्ट- अमन कुमार
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को हिसुआ में भाजपा की सदस्यता अभियान में हिस्सा लिया। वे पूर्व भाजपा विधायक अनिल सिंह के आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने विभिन्न दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई।
कार्यक्रम में नए सदस्यों का भगवा गमछा पहनाकर स्वागत किया गया। पूर्व विधायक अनिल सिंह और कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री का बुके और माला से स्वागत किया।
उपमुख्यमंत्री ने 2025 के चुनाव को लेकर कहा कि एनडीए गठबंधन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बिहार के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि 2005 से पहले का बिहार अराजकता और पिछड़ेपन से जूझ रहा था। आज बिहार विकास की राह पर है। नवादा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना इसका उदाहरण है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा अब सिर्फ एक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा और राष्ट्रनिर्माण का आंदोलन बन चुकी है। पार्टी के कार्यकर्ता हर परिस्थिति में देश और समाज की सेवा करते हैं। भाजपा की पहचान अब केवल राजनीति से नहीं, बल्कि जन-आंदोलन से होती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और भाजपा के सहयोग से बिहार नई दिशा में बढ़ रहा है। केंद्र की ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति को राज्य में लागू किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को राष्ट्रभक्ति और सेवा की प्रतिमूर्ति बताया।
कहा- जहां-जहां कांग्रेस नेता जाते हैं, वहां एनडीए की जीत होती है
नवादा में भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को बिहार की वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं है।
चौधरी ने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार मजबूती से काम कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी के बेरोजगारी के मुद्दे को भी खारिज किया। उनका दावा है कि बिहार में बेरोजगारी की कोई समस्या नहीं है।
भाजपा नेता ने यह भी कहा कि जिन-जिन राज्यों में राहुल गांधी गए हैं, वहां भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि देश में लगातार तीन बार से मोदी को जनता का समर्थन मिल रहा है। मोदी की लोकप्रियता निरंतर बढ़ रही है।