कमजोर वर्गों को सशक्त करने का काम कर रही है नीतीश सरकार: जनक राम!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

:- रवि शंकर अमित!

पटना के बापू सभागार में 12 फरवरी को मनाई जाएगी संत रविदास जी जन्म जयंती समारोह

कमजोर वर्गों को सशक्त करने का काम कर रही है नीतीश सरकार: जनक राम

संत रविदास के बताए रास्ते पर चल रही एनडीए सरकार: जनक राम

पटना, 10 फरवरी। बिहार के एससी, एसटी कल्याण मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता जनक राम ने आज कहा कि पटना के बापू सभागार में 12 फरवरी को संत रविदास जी की जन्म जयंती धूमधाम से समारोहपूर्वक मनाई जाएगी।

मंत्री जनक राम ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में कहा कि इस समारोह में बिहार के विकास मित्र सहित संत रविदास के अनुयायी बड़ी संख्या में शामिल होंगे और उपस्थित लोगों से संवाद करेंगे।

उन्होंने कहा कि आज बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार कमजोर वर्गों और महिलाओं के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि संत रविदास का जन्म ऐसे समय में हुआ था, जब भारत में धर्मांतरण जोर पर था। लेकिन लालच और दबाव के बाद भी उन्होंने धर्मांतरण करने की जगह मानवता की सेवा पर ही ध्यान दिया। इनके भक्तों में हर जाति के अनुयायी हैं। इन्होंने जीवनपर्यन्त पाखंड और जातिवाद को उखाड़ फेंकने की लड़ाई लड़ी।

उन्होंने कहा कि आज संत रविदास के संदेश, वचन, कर्म को देश के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में आगे ले जाया जा रहा है। कमजोर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं बन रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और दोनों उप मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बापू सभागार में 12 फरवरी को संत रविदास जी की जन्म जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इस समारोह में कमजोर वर्ग के लिए किए जा रहे कार्यों को बताया जाएगा। इस कार्यक्रम में विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

प्रेस वार्ता के दौरान एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि राजद को भी 15 साल काम करने का मौका मिला था, लेकिन उन्होंने एससी, एसटी के लिए कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि इस सरकार में कमजोर वर्गों के लिए काम हुए हैं। राजद के कार्यकाल में चरवाहा विद्यालय होते थे, आज कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए आवासीय विद्यालय खोले गए।

इस प्रेस वार्ता में बिहार भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलु, प्रवक्ता अनामिका पासवान, सुमित शशांक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें