रिपोर्ट- अमित कुमार!
राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने एनडीए गठबंधन और उसकी डबल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर बिहार के मुख्यमंत्री बार-बार यह सफाई क्यों देते हैं कि वे गठबंधन छोड़कर इधर-उधर नहीं जाएंगे? वहीं, एनडीए नेताओं को भी लगातार यह सफाई क्यों देनी पड़ती है कि बिहार में चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा?
एजाज अहमद ने एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने राजनीति का ऐसा चक्रव्यूह रचा है, जहां अपने ही गठबंधन के नेताओं को जनता और कार्यकर्ताओं के सामने सफाई देनी पड़ रही है। उन्होंने कल एनडीए के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि इस बैठक में नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की घोषणा की गई, लेकिन यह बिहार की जनता को स्वीकार नहीं है।
“एनडीए के नेता नीतीश जी के नेतृत्व में विश्वास जताते रहिए, लेकिन बिहार की जनता का समर्थन उनके प्रति नहीं है। जनता अब बदलाव चाहती है, और इस बदलाव का नेतृत्व तेजस्वी यादव कर रहे हैं। उन्होंने नौकरी और रोजगार की राजनीति से बिहार में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत की है।”
एजाज ने कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव और रोजगार आधारित राजनीति की ओर देख रही है, और इस परिवर्तन के केंद्र में तेजस्वी यादव हैं। उनका मानना है कि बिहार में अब नई राजनीति का दौर शुरू हो चुका है।
एजाज अहमद के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। देखना होगा कि एनडीए इस पर क्या प्रतिक्रिया देता है।




